शुक्रवार, 6 अप्रैल 2012

अगर आपको रोड पर दिखाई दे सांप तो समझ लें कि...



सांप एक ऐसा जीव है जिसे अपने सामने देखते ही लोगों के पसीने छूट जाते हैं। सांप का भय इतना अधिक रहता है कि काफी लोग सांप के नाम से ही घबराते हैं। शास्त्रों के अनुसार सांप को पूजनीय भी बताया गया है। महादेव नाग को आभूषण की तरह अपने गले में धारण करते हैं। सांपों से जुड़े कई शकुन और अपशकुन हमारे समाज में प्रचलित हैं।

यदि आप कहीं जा रहे हैं और रास्ते में आपको सांप दिखाई दे तो इसके कई प्रकार के संकेत बताए गए हैं। ऐसे समय में सांप का दिखाई देना सामान्यत: अपशकुन की श्रेणी में ही आता है। शास्त्रों के अनुसार शकुन और अपशकुन के संबंध में कई प्रकार की अवधारणाएं प्रचलित हैं। किसी भी कार्य की शुरूआत से पहले कई प्रकार की छोटी-छोटी घटनाएं होती हैं। इनमें से कुछ असामान्य सी भी प्रतीत होती हैं। ऐसी ही घटनाओं को शकुन और अपशकुन से जोड़कर देखा जाता है।

शकुन और अपशकुन की छोटी-छोटी घटनाओं में कई प्रकार के संकेत छिपे होते हैं जिन्हें समझने पर भविष्य में होने वाली संभावित घटनाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। आजकल काफी लोग इन मान्यताओं को अंधविश्वास का नाम देते हैं जबकि पुराने समय इनका काफी अधिक महत्व माना जाता था।

जब भी आप किसी शुभ कार्य के लिए जा रहे हैं और रास्ते में कोई सांप दिख जाए तो इस अशुभ संकेत माना जाता है। इसका अर्थ यही है कि आप जिस कार्य के लिए जा रहे हैं उसमें आपको किसी प्रकार की कोई समस्या का सामना करना पड़ सकता है। अत: जब भी ऐसा हो तो कुछ देर रुककर अपने इष्टदेव का स्मरण करके ही कार्य के लिए निकलने चाहिए। यदि संभव हो तो उस समय वह कार्य टाल दिया जाना चाहिए। जरूरी होने पर भगवान को याद करके कार्य करें।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें